1. जिसे
तुम कहते हो 'छोट जात'
वह दिल से बड़ा है
ईमान से कड़ा है
नहीं है वह तुम्हारी तरह
दिमागी रूप से इतना सड़ा।
जिसे
तुम कहते हो 'छोट जात'
वह अपने श्रम से बड़ा है
तुम्हारे शोषण से दबा है
नहीं है वह तुम्हारी तरह
नफरत और घृणा से भरा।
2. यदि आदमी न होता तो
भगवान का अस्तित्व न होता
बताओ पहले भगवान आया
या इस धरती पर आदमी
मेरा मानना है कि
पहले आदमी आया
फिर भगवान आया
आदमी ने भगवान को
अलग-अलग नाम दिया
तैंतीस कोटि देवी-देवता
पेंटर रवि वर्मा ने उसका रूप गढ़ा
कैलेंडर में उसकी तस्वीरें छापी गयीं
उसके लिए मंदिर और मठ बनाया
उसकी पूजा-अर्चना, साधना शुरू की
फिर आदमी में डर पैदा किया
और उस डर की बुनियाद पर
आस्था और धर्म का धंधा चलाया
उस शातिर आदमी का अंतिम लक्ष्य
भगवान के नाम पर दान-दक्षिणा जुटाना
और भीड़ को भेड़ बना कर हांकना रहा।
3. चूहा बिल्ली से डरता है
लेकिन भगवान से नहीं
बिल्ली कुत्ते से डरता है
लेकिन भगवान से नहीं
कुत्ता शेर से डरता है
लेकिन भगवान से नहीं
शेर भी भगवान से नहीं डरता
बस डरता है तो आदमी
क्योंकि आदमी को बताया गया
कि भगवान ताकतवर होता है
जानवरों को नहीं पता कि
भगवान उससे पावरफुल है
आदमी के पास दिमाग होता है
इसलिए वह भगवान से डरता है
जानवरों के पास दिमाग नहीं होता
इसलिए भगवान से वह नहीं डरता
अब बताओ दिमाग वाला सही है
या बेदिमाग वाला जानवर
असल में हर कमजोर
अपने से मजबूत से डरता है
ये प्रश्न आपके लिये छोड़ता हूं कि
स्वर्ग-नर्क और पाप-पुण्य का डर
जानवरों, कीड़े-मकोड़े को क्यों नहीं होता?
© संतोष सारंग

0 Comments